मेरठ जनपद के पचपेड़ा–किनानगर संपर्क मार्ग पर ग्राम लडपुरा के सामने स्थित एक फार्महाउस में देर रात छह नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोल दिया। आरोप है कि बदमाशों ने फार्महाउस पर सो रहे वृद्ध रिछपाल सिंह की कनपटी पर तमंचा लगाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उनकी जेब से ₹5,000 और गल्ले में रखे ₹20,000 लूट लिए। बदमाश मोबाइल की बैटरी निकालकर अपने साथ ले गए ताकि पीड़ित किसी को सूचना न दे सके। इसके अलावा जनरेटर से करीब 20–25 किलो कॉपर वायर (अनुमानित कीमत ₹25,000) भी निकालकर ले गए। जाते समय बदमाश पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना के समय फार्महाउस मालिक देहरादून गए हुए थे।
