मेरठ के माछरा ब्लॉक के गांव शाहकुलीपुर में लगातार हो रही बारिश के चलते सूरजमल का वर्षों पुराना कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। मकान लकड़ी की कड़ी और सीली से बना हुआ था। हादसे में घरेलू सामान क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।ग्रामीणों का आरोप है कि पात्र गरीबों को योजना का लाभ नहीं मिल रहा है और आवास स्वीकृति में अनियमितताएं हो रही हैं। उनका कहना है कि कई जरूरतमंदों के आवेदन लंबित हैं, जबकि प्रभावशाली लोगों को प्राथमिकता दिए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। ग्रामीणों ने ग्राम विकास कार्यों में भी अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि गांवों में नाली, आवास और अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी बनी हुई है।हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर पात्र लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
