मेरठ। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत कार्यरत उपयुक्त स्वरोजगार कैडरों की समस्याओं को लेकर मिशन निदेशक, उत्तर प्रदेश के समक्ष मांग पत्र प्रस्तुत किया गया है। मांग पत्र में कैडरों ने अपनी कार्य संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए छह प्रमुख मांगें रखी हैं।कैडरों की पहली मांग मासिक मानदेय बढ़ाकर ₹9,000 करने की है। मांग पत्र में कहा गया है कि इससे कैडरों को सम्मानजनक रूप से अपने कार्य का निर्वहन करने में मदद मिलेगी।दूसरी मांग LokOS ऐप में फेस ऑथेंटिकेशन की अनिवार्यता समाप्त करने की है। कैडरों का कहना है कि फेस ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया में तकनीकी दिक्कतों के कारण कार्य प्रभावित होता है।तीसरी मांग मोबाइल OTP व्यवस्था को समाप्त या सरल करने की है। कैडरों के अनुसार बार-बार OTP की आवश्यकता होने से ग्रामीण सदस्यों को परेशानी होती है और खाते की सुरक्षा को लेकर भी असहजता बनी रहती है।चौथी मांग कैडरों को उचित प्रशिक्षण और सरल कार्य प्रणाली उपलब्ध कराने की है। मांग पत्र में कहा गया है कि तकनीकी कार्यों में कठिनाई के चलते नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाना चाहिए।पांचवीं मांग LokOS ऐप को सभी मोबाइल फोन में सुचारू रूप से संचालित किए जाने की है। कैडरों ने बताया कि सभी के पास महंगे स्मार्टफोन अथवा नियमित रिचार्ज की आर्थिक क्षमता नहीं होती, जिससे ऐप के संचालन में परेशानी आती है।छठी मांग महिला कैडरों का मानदेय सीधे उनके बैंक खातों में समय से भेजे जाने की है। मांग पत्र में भुगतान प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की मांग की गई है।मांग पत्र के अंत में कैडरों ने मिशन अधिकारियों से सभी मांगों पर सकारात्मक एवं शीघ्र निर्णय लेकर समस्याओं का समाधान कराने की अपील की है। दस्तावेज पर जिला अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कैडरों के हस्ताक्षर भी दिखाई दे रहे हैं।
