*मवाना में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, दोनों युवक गंभीर घायल**मवाना संवाददाता*आज सोमवार मवाना नगर के मेरठ रोड स्थित इंद्रप्रस्थ मंडप के बाहर सोमवार दोपहर दो बाइक सवार युवकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक तेज गति से बाइक चला रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों नशे की हालत में थे, जिसके चलते वे अपने वाहनों पर नियंत्रण नहीं रख सके और आमने-सामने भिड़ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं।घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवकों को तत्काल मवाना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में दोनों का उपचार चल रहा है।घायलों में एक की पहचान थाना मवाना क्षेत्र के ग्राम भैंसा निवासी अजय के रूप में हुई है। जबकि दूसरे घायल युवक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
