टीकाकरण जागरूकता बढ़ाने को एएनएम, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण :

टीकाकरण जागरूकता बढ़ाने को एएनएम, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण :

सोमवार मवाना क्षेत्र में जीरो डोज बच्चों और टीकाकरण से वंचित परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मवाना में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। पीसीआई इंडिया द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण में एएनएम, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं।प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम, जीरो डोज परियोजना, एचपीवी वैक्सीन तथा विभिन्न टीकाकरण सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा समुदाय में जागरूकता बढ़ाने और लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने की रणनीतियों पर विशेष फोकस किया जा रहा है।उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अतुल कुमार ने कहा कि समुदाय में प्रभावी संवाद स्थापित करने और स्थानीय नेतृत्व को साथ लेकर चलने से टीकाकरण अभियान को अधिक सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में सीखी गई बातों को जमीनी स्तर पर लागू करने का आह्वान किया।डॉ. अरुण कुमार ने प्रतिभागियों को तकनीकी विषयों पर जानकारी देते हुए कहा कि जीरो डोज बच्चों और वैक्सीन से वंचित परिवारों की पहचान कर उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए ग्राम प्रधानों और अन्य प्रभावशाली लोगों का सहयोग भी लिया जाना चाहिए।प्रशिक्षण में यू-विन पोर्टल के उपयोग, संचार योजना निर्माण, व्यवहार परिवर्तन संचार तथा सामुदायिक सहभागिता जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। आयोजकों के अनुसार प्रशिक्षण के आगामी सत्रों में प्रतिभागियों को विभिन्न गतिविधियों और रोल प्ले के माध्यम से व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे क्षेत्र में टीकाकरण कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *