मवाना संवाददाता*आज सोमवार मवाना नगर के फलावदा रोड स्थित फ्लिपकार्ट ऑफिस के पास कुछ अज्ञात दबंग युवकों ने एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमले के बाद राहगीरों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मवाना ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया।घायल युवक की पहचान सिद्धार्थ पुत्र नरेश पाल निवासी फलावदा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मवाना थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।एसएसआई ऋषभ कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।थाना प्रभारी ब्रह्म कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
