आज सोमवार मवाना क्षेत्र के ग्राम पिलौना निवासी एक व्यक्ति ने महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन को धोखे से हड़प लेने का आरोप लगाते हुए थाना मवाना में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।ग्राम पिलौना निवासी मुर्सलीन पुत्र सलीम सैफी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह महिंद्रा बोलेरो पिकअप (यूपी-15 एफटी-8668) का पंजीकृत स्वामी है। उसने यह वाहन हस्तिनापुर रोड स्थित महिंद्रा शोरूम से कंपनी के एजेंट सुनील कुमार के माध्यम से खरीदा था और नियमित रूप से उसकी किस्तें जमा कर रहा था।पीड़ित के अनुसार पारिवारिक परेशानियों और कामकाज प्रभावित होने के कारण कुछ समय से वह वाहन की किस्तें जमा नहीं कर सका। इसी दौरान एजेंट सुनील कुमार उसके घर पहुंचा और वाहन बिकवाने की बात कही। आरोप है कि 4 दिसंबर 2025 को सुनील कुमार एक व्यक्ति दीपक शर्मा पुत्र सुखबीर सिंह शर्मा निवासी ग्राम खेड़ी चित्तम, तहसील बड़ौत, जिला बागपत को लेकर आया। दोनों ने आश्वासन दिया कि वाहन के बदले एक लाख रुपये दिए जाएंगे तथा शेष 27 किस्तों का भुगतान दीपक शर्मा स्वयं करेगा।तहरीर के अनुसार तहसील मवाना में नोटरी के माध्यम से समझौता तैयार कराया गया, जिसके बाद वाहन दीपक शर्मा को सौंप दिया गया। लेकिन आरोप है कि न तो तय रकम का भुगतान किया गया और न ही किसी किस्त का भुगतान हुआ। मुर्सलीन का कहना है कि सुनील कुमार और दीपक शर्मा ने आपसी मिलीभगत से षड्यंत्र रचकर उसका वाहन हड़प लिया।पीड़ित ने बताया कि कई बार संपर्क करने और वाहन अथवा रकम वापस मांगने के बावजूद आरोपी टालमटोल करते रहे। आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कहने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई।मुर्सलीन ने थाना मवाना पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने तथा कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
