शनिवार मवाना तहसील परिसर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में एडीएम नवीन चंद, एसडीएम संतोष कुमार सिंह, तहसीलदार निरंकार सिंह, सीओ पंकज लावियाना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। समाधान दिवस में कुल 135 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 13 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई के निर्देशों के साथ भेजा गया।समाधान दिवस में फरियादियों ने भूमि विवाद, बिजली आपूर्ति में बाधा, जलभराव, सड़क जाम तथा अन्य स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण का आश्वासन दिया।इसी दौरान भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में क्षेत्र के ग्रामीणों और ग्राम प्रधानों ने एनएच-34 स्थित भैंसा टोल प्लाजा के कर्मचारियों के खिलाफ एसडीएम को शिकायत पत्र सौंपा। भाकियू नेता नरेश चौधरी ने आरोप लगाया कि टोल प्लाजा स्टाफ आए दिन क्षेत्रवासियों के साथ गाली-गलौच और मारपीट जैसी घटनाएं करता है, जिससे लोगों में आक्रोश है।ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में घायल एवं पीड़ित पक्ष की ओर से जिलाधिकारी वीके सिंह को भी शिकायत पत्र दिया जा चुका है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम संतोष कुमार सिंह ने तत्काल टोल प्लाजा के संबंधित अधिकारी को तलब करने के निर्देश दिए और दोनों पक्षों की मौजूदगी में बैठक कर मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि तथ्यों के आधार पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने राहत की उम्मीद जताई, हालांकि उनका कहना था कि पारदर्शी जांच और प्रभावी कार्रवाई ही इस समस्या का स्थायी समाधान होगी।
