निर्जला एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, संकीर्तन और भंडारे का हुआ आयोजन :

निर्जला एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, संकीर्तन और भंडारे का हुआ आयोजन :

बृहस्पतिवार मवाना स्थित खाटू श्याम मंदिर में निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने भगवान खाटू श्याम के दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि तथा क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुआ। इसके बाद आयोजित भव्य संकीर्तन में भजन गायकों ने खाटू श्याम बाबा के भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। “हारे के सहारे, खाटू श्याम हमारे” के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।निर्जला एकादशी के अवसर पर मंदिर परिसर में प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों ने व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करते हुए श्रद्धालुओं की सेवा की।गुरुवार शाम विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें नगर और आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई गई। भंडारे की तैयारियां दिनभर चलती रहीं।मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि सनातन धर्म में निर्जला एकादशी का विशेष महत्व है। वर्षभर में आने वाली 24 एकादशियों में ज्येष्ठ माह की निर्जला एकादशी को सर्वोत्तम माना जाता है। इस दिन भगवान विष्णु और खाटू श्याम बाबा की श्रद्धापूर्वक आराधना करने से विशेष पुण्य फल की प्राप्ति होती है। श्रद्धालु व्रत रखकर पूजा-अर्चना करने के साथ दान-पुण्य के कार्यों में भी भाग लेते हैं।इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अखिल कौशिक, डॉ. अजय वीर गर्ग, मंत्री विनय दुबलिश, मंदिर समिति अध्यक्ष सुभाष रस्तोगी, मनोज गोयल, मयंक रस्तोगी, मनोज गहलोत, मल्ली जैन, अजय कुलदीप रस्तोगी, मनोज रस्तोगी, रवि ठेकेदार, अरुण कुमार, पल्लव रस्तोगी, मनीष गुप्ता, दर्शन चौहान, मुनेश राठी, सीमा धाम, अल्पना चौहान, निधि अरोरा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *