मवाना संवाददाता*मवाना में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित धोखाधड़ी का शिकार हुए एक युवक ने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को मवाना थाने के बाहर रखकर विरोध प्रदर्शन किया तथा सड़क जाम करने का प्रयास किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार मवाना खुर्द निवासी मनमोहन ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि कुणाल नामक व्यक्ति ने मनमोहन को नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब छह लाख रुपये लिए थे। आरोप है कि आरोपी ने न तो नौकरी दिलाई और न ही रुपये वापस किए। इससे मनमोहन लगातार मानसिक तनाव में था।परिजनों के अनुसार मनमोहन पर उन लोगों का भी दबाव बढ़ रहा था, जिनसे उसने रुपये लेकर आरोपी को दिए थे। इसी तनाव के चलते उसने यह कदम उठा लिया। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले मनमोहन ने एक वीडियो भी बनाया था, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।मृतक के भाई जगमोहन ने मवाना थाने में आरोपी कुणाल के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुणाल ने अन्य लोगों से भी नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये लिए हैं और घटना के बाद से फरार है।घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक का शव मवाना थाने के बाहर सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और जाम लगाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।मवाना थाना प्रभारी ब्रह्म कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही सड़क पर शव रखकर यातायात बाधित करने के प्रयास के मामले में भी संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
