मवाना संवाददाता*
मवाना खुर्द पुलिस चौकी के बाहर मुकदमों से संबंधित जब्त वाहनों में शुक्रवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे वहां खड़े करीब 50 से 60 वाहन जलकर राख हो गए। इनमें लगभग 15 मोटरसाइकिलें और कई चार पहिया वाहन शामिल बताए जा रहे हैं।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह अचानक वाहनों से धुआं उठना शुरू हुआ, जो कुछ ही देर में आग की तेज लपटों में बदल गया।सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज सतेंद्र कुमार ने फायर ब्रिगेड को जानकारी दी। दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक अधिकांश वाहन पूरी तरह जल चुके थे और कबाड़ में तब्दील हो गए।बताया गया है कि ये वाहन विभिन्न मुकदमों में जब्त किए गए थे और लंबे समय से चौकी के बाहर खड़े थे। प्रारंभिक जांच में भीषण गर्मी या शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि अभी तक आग लगने के सही कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है।घटना की सूचना पर पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही आग में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है तथा जले हुए वाहनों का ब्यौरा तैयार किया जा रहा है।
