मवाना संवाददाता*मवाना थाना क्षेत्र में बीते दिनों कुत्ते के काटने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी झड़प में बदल गया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट दर्ज न होने से नाराज सैकड़ों महिलाओं ने थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।पीड़िता सविता पत्नी लालू सिंह, निवासी प्रीतनगर तिहाई मोहल्ला, मवाना के अनुसार, बृहस्पतिवार की रात करीब 9 बजे उनके घर पर पुत्रवधू दीपा की शादी की सालगिरह का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान उनका पुत्र विपिन बच्चों को छोड़ने जा रहा था, तभी पड़ोसी फूलराज के कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया और उसकी पैंट पकड़ ली।विपिन द्वारा कुत्ते को बांधने की बात कहने पर आरोप है कि फूलराज और उसकी पत्नी कौशल्या ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह जान बचाकर विपिन घर पहुंचा, लेकिन आरोप है कि इसके बाद फूलराज, उसके परिवार और अन्य लोगों ने लाठी-डंडों के साथ घर में घुसकर हमला कर दिया।पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से विपिन के सिर पर लोहे की सरिया से वार किया, जिससे उसका सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जो प्राइवेट हॉस्पिटल मेरठ के सुपर मैक्स में गंभीर स्थिति में है l बीच-बचाव करने आई सविता, उनकी बहन चन्द्रवती, पड़ोसी भारती और रतन को भी मारपीट में चोटें आईं।घटना की सूचना 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल विपिन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मवाना ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ के लिए रेफर किया गया, जहां फिलहाल गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल के आईसीयू में उसका इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बावजूद पुलिस ने तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं की, जिससे नाराज होकर सैकड़ों महिलाएं थाने पहुंचीं और घेराव करते हुए न्याय की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
