मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक दंपति ने अपनी नाबालिग किशोरी के अपहरण के प्रयास और दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस जांच में मामला संदिग्ध नजर आ रहा है।थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र के भोला रोड कॉलोनी से शनिवार देर शाम एक दंपति ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी नाबालिग किशोरी को कुछ युवकों ने पहले अपहरण करने का प्रयास किया और फिर उसके साथ दुष्कर्म कर उसे घर के पास ही फेंक दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी को आनन-फानन में मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया।
वहीं पुलिस जांच में सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने पूरे मामले पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फुटेज में किशोरी अपनी मर्जी से कुछ युवकों के साथ कार में बैठती और उतरती हुई दिखाई दे रही है। थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। सीसीटीवी फुटेज में बालिका स्वयं युवकों के साथ जाती दिख रही है। फिर भी परिजनों की शिकायत के आधार पर अज्ञात युवकों के खिलाफ अपहरण के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की धाराओं में बढ़ोतरी की जाएगी।पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।
अब देखना यह होगा कि मेडिकल रिपोर्ट और जांच में क्या खुलासे होते हैं। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है।
