मेरठ, मुंडाली। थाना मुंडाली क्षेत्र के ग्राम मुरलीपुर में नवजात शिशु की संदिग्ध मौत और हत्या की आशंका के मामले में प्रशासन ने महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए मजिस्ट्रेट के आदेश पर बुधवार को शिशु के शव को कब्र से बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवजात शिशु की मौत के बाद परिजनों द्वारा शव को दफना दिया गया था। मामले में हत्या की आशंका जताए जाने पर प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए पोस्टमार्टम कराने का निर्णय लिया। मजिस्ट्रेट द्वारा आदेश जारी होने के बाद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया।इस दौरान नायब तहसीलदार विनीता सिंह चौहान और मुंडाली थाना प्रभारी देवेंद्र मिश्रा मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही शिशु की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
