मवाना संवाददाता*आज ए.एस. इंटर कॉलेज, मवाना में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के निर्देशन में आयोजित पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। भीषण गर्मी को देखते हुए प्रथम पाली की परीक्षा समाप्त होने और द्वितीय पाली की परीक्षा प्रारंभ होने के बीच अभ्यर्थियों को राहत प्रदान करने के लिए रुआवजा (विश्राम एवं जलपान) की व्यवस्था की गई, जिसकी अभ्यर्थियों ने सराहना की।परीक्षा के दौरान प्रथम पाली में निर्धारित 480 अभ्यर्थियों में से 321 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि द्वितीय पाली में 480 में से 334 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद रहा।पुलिस अधीक्षक देहात अभिजीत सिंह ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ उपजिलाधिकारी मवाना संतोष कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी मवाना पंकज लवानिया, प्रभारी निरीक्षक ब्रह्म कुमार त्रिपाठी, नोडल अधिकारी पुलिस इंस्पेक्टर धीरज सिंह, सेक्टर मजिस्ट्रेट अमित कुमार त्यागी, स्टेटिक मजिस्ट्रेट डॉ. कपिल कुमार तथा केंद्र व्यवस्थापक एवं प्रधानाचार्य डॉ. मेघराज सिंह मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की तलाशी प्रक्रिया, परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सभी व्यवस्थाएं उच्च स्तरीय पाई गईं। परीक्षा केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा अभ्यर्थियों की गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। अधिकारियों की सतत निगरानी में परीक्षा सकुशल संपन्न हुई।दूर-दूर से परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों ने केंद्र पर उपलब्ध कराई गई सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जमकर प्रशंसा की। कई अभ्यर्थियों ने बताया कि उन्हें किसी अन्य परीक्षा केंद्र पर इस प्रकार की सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक व्यवस्था देखने को नहीं मिली। विशेष रूप से भीषण गर्मी के बीच पेयजल एवं विश्राम की व्यवस्था उनके लिए काफी राहतभरी साबित हुई।परीक्षा संपन्न होने के बाद केंद्र व्यवस्थापक एवं प्रधानाचार्य डॉ. मेघराज सिंह ने ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिस अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, कक्ष निरीक्षकों तथा परीक्षा संचालन में सहयोग करने वाले समस्त कार्मिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने परीक्षा विभाग के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सचिन कुमार एवं निशिकांत शर्मा सहित समस्त शिक्षकों, कर्मचारियों और लिपिक वर्ग की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से तीन दिवसीय छह पालियों की परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई तथा कहीं भी किसी प्रकार की कमी महसूस नहीं हुई।
