मवाना संवाददाता*आज शुक्रवार मवाना के तहसील परिसर मेंमवाना क्षेत्र के ग्राम मोड खुर्द में दबंगों द्वारा एक महिला की खड़ी गन्ने की फसल को रातों-रात जोत देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित महिला का रो-रोकर बुरा हाल है। महिला अपने बच्चों के साथ न्याय की गुहार लेकर मवाना तहसील पहुंची, जहां उसने उप जिलाधिकारी से कार्रवाई की मांग की।जानकारी के अनुसार, मोड खुर्द निवासी सुनीता पत्नी लवकुश की खेड़ी गांव में करीब 18 बीघा जमीन का एक चक्र है, जिसमें उन्होंने गन्ने की फसल बो रखी थी। आरोप है कि बृहस्पतिवार देर रात कुछ दबंगों ने उनकी खड़ी ईख को ट्रैक्टर से जोत दिया, जिससे पूरी फसल बर्बाद हो गई।घटना से आहत पीड़ित महिला शुक्रवार को अपने बच्चों के साथ मवाना तहसील परिसर पहुंची और उप जिलाधिकारी के समक्ष अपनी फरियाद रखी। महिला ने आरोप लगाया कि उसकी मेहनत की पूरी फसल उजाड़ दी गई, जिससे परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।पीड़िता का कहना है कि अधिकारियों ने फिलहाल कार्रवाई का आश्वासन देकर उसे वापस भेज दिया। तहसील परिसर में महिला और उसके बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। न्याय न मिलने से निराश महिला अपने बच्चों के साथ वापस लौट गई।ग्रामीणों ने मामले में प्रशासन से तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
