अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज रूबिना सैफी का कृषक इंटर कॉलेज में भव्य सम्मान :

अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज रूबिना सैफी का कृषक इंटर कॉलेज में भव्य सम्मान :

नारी शक्ति और अनुशासन की मिसाल बनीं रूबिना, छात्र-छात्राओं को दिया प्रेरणा का संदेश*मवाना क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर सादात निवासी अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज एवं पूर्व एनसीसी कैडेट रूबिना सैफी के कृषक इंटर कॉलेज पहुंचने पर बुधवार को भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय परिवार की ओर से रूबिना सैफी का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने उनकी उपलब्धियों से प्रेरणा ली।*पटका पहनाकर व प्रतीक चिह्न देकर किया सम्मानित*कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य देवेन्द्र कुमार ने की, जबकि संचालन लेफ्टिनेंट चन्द्रप्रताप सिंह एवं लेफ्टिनेंट मोहित शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। समारोह का शुभारंभ रूबिना सैफी के स्वागत के साथ हुआ। प्रधानाचार्य देवेन्द्र कुमार ने उन्हें पटका पहनाकर तथा प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।*राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया देश का नाम*प्रधानाचार्य देवेन्द्र कुमार ने कहा कि रूबिना सैफी अनुशासन और मेहनत की मिसाल हैं। उन्होंने एनसीसी कैडेट के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त करने के साथ ही निशानेबाजी में उच्च स्तर की उपलब्धियां हासिल कीं। एनसीसी प्रशिक्षण और बीएसएफ में सेवा के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक पदक हासिल कर देश और क्षेत्र का नाम रोशन किया।उन्होंने कहा कि रूबिना सैफी नारी शक्ति का सशक्त प्रमाण हैं और उनकी उपलब्धियां विद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। ऐसी प्रतिभावान शख्सियत का सम्मान करना विद्यालय परिवार के लिए गौरव की बात है।*रूबिना ने प्रधानाचार्य के प्रति जताया आभार*सम्मान से अभिभूत रूबिना सैफी ने प्रधानाचार्य देवेन्द्र कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे मृदुल स्वभाव के धनी और सकारात्मक सोच रखने वाले व्यक्ति हैं। उन्होंने कहा कि जब भी उनसे मुलाकात होती है, सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। उनकी दूरदृष्टि और सकारात्मक दृष्टिकोण विद्यालय की प्रगति का आधार है।रूबिना सैफी ने कहा कि कृषक इंटर कॉलेज की ओर से मिला यह सम्मान उनके लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने विद्यालय परिवार का हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त किया।*विद्यालय परिवार के लोग रहे मौजूद*इस अवसर पर प्रवक्ता नीरज कुमार, अमित गुप्ता, लेफ्टिनेंट चन्द्रप्रताप सिंह, लेफ्टिनेंट मोहित शर्मा, द्वितीय अधिकारी शिवम त्यागी सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह के दौरान रूबिना सैफी की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *