टोल टैक्स बचाने के लिए गांव से गुजर रहे भारी वाहन, ग्रामीणों ने कार्रवाई की उठाई मांग :

टोल टैक्स बचाने के लिए गांव से गुजर रहे भारी वाहन, ग्रामीणों ने कार्रवाई की उठाई मांग :

मवाना संवाददाता

आज शुक्रवारमवाना तहसील क्षेत्र के ग्राम भैंसा के ग्रामीणों ने गांव के अंदर से गुजर रहे भारी वाहनों को लेकर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि एनएच-34 पर स्थित टोल टैक्स बचाने के लिए ट्रक, बस, मैजिक सहित अन्य कॉमर्शियल और निजी वाहन गांव के अंदर से होकर गुजर रहे हैं, जिससे गांव की सड़कें जाम जैसी स्थिति में पहुंच गई हैं और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया गया कि लगातार भारी वाहनों की आवाजाही के कारण गांव के रास्ते लगभग बंद होने की स्थिति में हैं। कई बार सड़क दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिससे ग्रामीणों में भय और रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि वाहन चालक टोल टैक्स बचाने के उद्देश्य से गांव के रास्तों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे जहां ग्रामीणों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है, वहीं भारत सरकार के राजस्व को भी नुकसान पहुंच रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि रात के समय गांव के अंदर आने वाले कुछ वाहन चालकों व अन्य लोगों द्वारा शराब के नशे में महिलाओं के साथ अभद्रता और बदतमीजी की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं। इससे गांव की महिलाएं और परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव के अंदर भारी वाहनों के प्रवेश पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा आवश्यक बैरिकेडिंग और पुलिस निगरानी की व्यवस्था कर ग्रामीणों को राहत दिलाई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *