मवाना संवाददाता
मवाना में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस के अवसर पर अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया, थाना प्रभारी ब्रह्म सिंह त्रिपाठी तथा क्राइम इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार सिंह मौजूद रहे।
अधिकारियों ने थाना पहुंचे पीड़ितों की समस्याओं को एक-एक कर सुना और संबंधित विभागों के कर्मचारियों को निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान भूमि विवाद, आपसी कहासुनी और अन्य शिकायतों से जुड़े मामलों पर सुनवाई की गई।
अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा तथा किसी भी फरियादी को अनावश्यक परेशान नहीं होने दिया जाएगा। थाना समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे।
