मेरठ। राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर और भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष विकुल चपराणा के नाम से लगे बोर्ड अब हटाए जा रहे हैं। बुधवार रात को राज्यमंत्री के कार्यालय के सामने से विकुल चपराणा का होर्डिंग उतार दिया गया, जिसे गुरुवार सुबह लोग गायब देख हैरान रह गए।बताया गया कि यह वही स्थान है जहाँ 19 अक्टूबर की रात एक कपड़ा व्यापारी से सड़क पर हाथ जोड़कर माफी मंगवाने और नाक रगड़वाने की घटना हुई थी। यही घटना कैमरे में कैद होकर वायरल हुई थी, जिससे राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया था। राज्यमंत्री का कार्यालय तेजगढ़ी के पास मेडिकल थाना क्षेत्र में स्थित है। यहां लगे होर्डिंग पर विकुल चपराणा ने “राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर भैया जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं” लिखवाकर अपनी और मंत्री की तस्वीर लगवाई थी।विवाद बढ़ने के बाद अब इन सभी होर्डिंग्स को शास्त्रीनगर और आसपास के इलाकों से हटाया जा रहा है। सबसे पहले राज्यमंत्री के कार्यालय के सामने का बोर्ड हटाया गया।
