मेरठ। सुप्रीम कोर्ट के आदेश, अवमानना नोटिस और मुकदमे दर्ज होने के बावजूद शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में ध्वस्तीकरण को लेकर स्थिति अब भी साफ नहीं है। आवास एवं विकास परिषद ने कॉम्प्लेक्स संख्या 661/6 समेत 31 अवैध निर्माणों को गिराने की तिथि 25 अक्टूबर तय की है, लेकिन न तो दुकानदारों ने अब तक परिसर खाली किया है और न ही प्रशासन की ओर से कोई ठोस तैयारी नज़र आ रही है।सूत्रों के अनुसार, दीपावली की छुट्टियों और दफ्तरों की सुस्ती के चलते कार्रवाई फिलहाल टली हुई दिख रही है। वहीं चर्चा यह भी है कि 27 अक्टूबर को कोर्ट में जवाब दाखिल करने की तिथि तय है, इसलिए संभावना जताई जा रही है कि उस दिन सुबह ही सेंट्रल मार्केट पर बुलडोज़र चल सकता है। दुकानदारों का कहना है कि उन्हें अब तक कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं मिले हैं। अचानक ध्वस्तीकरण होने पर त्योहारी सीजन में भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से अपील की है कि उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था या समय दिया जाए।
प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि कार्रवाई का कार्यक्रम अभी पूर्व निर्धारित तिथि यानी 25अक्टूबर पर ही तय है, लेकिन अंतिम निर्णय कोर्ट के निर्देशों और मौके की स्थिति के अनुसार लिया जाएगा। बाजार में फिलहाल स्थिति सामान्य है, मगर दुकानदारों में असमंजस और चिंता बनी हुई है। कई लोग अपने सामान को धीरे-धीरे हटाने में लगे हैं, ताकि अचानक कार्रवाई होने पर नुकसान न हो।
