*बिजली समस्याओं को लेकर किसान यूनियन का ऊर्जा निगम कार्यालय पर धरना, पांच दिन में समाधान की चेतावनी**मवाना संवाददाता*मवाना। भारतीय किसान यूनियन (संघर्ष मोर्चा) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को क्षेत्र की विभिन्न विद्युत समस्याओं को लेकर मुख्य अभियंता कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। संगठन ने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की और चेतावनी दी कि यदि पांच दिन के भीतर निस्तारण नहीं हुआ तो किसान यूनियन बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।जिलाध्यक्ष ठाकुर नवनीत चौहान के नेतृत्व में आयोजित धरने के दौरान किसानों ने बताया कि क्षेत्र में बिजली से संबंधित कई समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। संगठन ने गैलेक्सी प्लाजा स्थित एक दुकान का आवश्यकता से अधिक आया बिजली बिल सही कराने की मांग उठाई। इसके अलावा सटला निवासी अल्ताफ पुत्र इस्ताक का मीटर और कनेक्शन करीब डेढ़ वर्ष पूर्व बंद हो चुका है तथा घर में बिजली आपूर्ति भी नहीं है, इसके बावजूद उपभोक्ता के नाम लगातार बिल जारी किए जा रहे हैं।ज्ञापन में मोहल्ला मुन्नालाल हीरालाल निवासी संजय कुमार के मामले को भी उठाया गया। संगठन का कहना है कि पुराने कोडधारक के नाम पर कनेक्शन दर्ज है, जबकि वर्तमान में कनेक्शन संजय कुमार के नाम किया जाना चाहिए। इसके साथ ही किसानों ने कृषि कार्य प्रभावित होने का हवाला देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने की मांग की।किसान यूनियन (संघर्ष मोर्चा) ने चेतावनी दी कि यदि पांच दिनों के भीतर सभी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संगठन आंदोलनात्मक कार्रवाई करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी ऊर्जा विभाग की होगी।धरने में जिलाध्यक्ष ठाकुर नवनीत चौहान के अलावा राहुल भाटी, पवन चौहान, अवनीत रावल, ज्ञानी, जयदीप सिंह, मच्छा सिंह, मोनू तोमर, जितेंद्र, कृष्णपाल रावल, सन्नी, प्रताप सिंह, अर्जुन काली, मुकुल चौहान, चिराग चौहान, आकाश चौधरी, अचीन चौहान, मोहित शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
