मवाना संवाददाता
उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा सोमवार को मवाना में शांतिपूर्ण एवं कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। परीक्षा में कुल 480 छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जिनके लिए नगर में दो परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक ए.एस. इंटर कॉलेज एवं एस.पी.जी. डिग्री कॉलेज में आयोजित की गई। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को गहन तलाशी और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही प्रवेश दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एसडीएम मवाना संतोष कुमार सिंह, मवाना सीओ पंकज लवानिया, सीओ LIU पी के पालीवाल तथा थाना प्रभारी ब्रह्म कुमार त्रिपाठी ने दोनों परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
पुलिस प्रशासन की सख्ती और व्यवस्थित प्रबंधन के चलते परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। वहीं दूसरी पाली की परीक्षा के लिए भी प्रशासन द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई और पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी की जाती रही।
