आज सोमवार भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ सोमवार को मवाना थाने में आयोजित बैठक में टोल टैक्स को लेकर बड़ा निर्णय लिया गया। बैठक में टोल प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि टोल प्लाजा के 15 किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों के निवासियों से अब किसी प्रकार का टोल टैक्स नहीं लिया जाएगा।बैठक में एसडीएम संतोष कुमार सिंह एवं सीओ पंकज लावियाना की मौजूदगी रही। इस दौरान टोल मैनेजर बादल, भारतीय किसान यूनियन (नरेश चौधरी) के पदाधिकारी और क्षेत्र के ग्रामीण भी शामिल हुए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि टोल प्लाजा के चारों ओर 15 किलोमीटर की सीमा में रहने वाले क्षेत्रवासियों और ग्रामीणों को टोल शुल्क से छूट दी जाएगी।बताया गया कि कुछ दिन पूर्व टोल प्लाजा पर कर्मचारियों और ग्रामीणों के बीच कथित मारपीट एवं गाली-गलौज की घटना के बाद विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच प्रशासन की मध्यस्थता में वार्ता कराई गई।भारतीय किसान यूनियन (नरेश चौधरी) के पदाधिकारियों के अनुसार, टोल मैनेजर बादल ने बैठक में कहा कि अब 15 किलोमीटर के दायरे में आने वाले किसी भी क्षेत्रवासी एवं ग्रामीण से टोल टैक्स नहीं लिया जाएगा। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष नरेश चौधरी ने बताया कि आपसी सहमति और प्रशासनिक हस्तक्षेप से इस विवाद का समाधान निकाल लिया गया है।बैठक में यूनियन के कई कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे। स्थानीय प्रशासन की निगरानी में लिया गया यह फैसला क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के साथ-साथ ग्रामीणों को आवागमन में राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
