मवाना संवाददाता
मवाना नगर के मेरठ रोड स्थित बड़े महादेव शिव मंदिर के निकट रविवार देर रात 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन लाइन का एक जर्जर विद्युत पोल अज्ञात वाहन की हल्की टक्कर लगने से उखड़कर गिर गया। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई राहगीर मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों के अनुसार उक्त पोल काफी समय से जर्जर अवस्था में खड़ा था और इसकी स्थिति को लेकर कई बार चिंता जताई जा चुकी थी, लेकिन बिजली विभाग ने समय रहते इसकी मरम्मत या बदलाव नहीं कराया। रविवार रात किसी अज्ञात वाहन की मामूली टक्कर लगते ही पोल अपना संतुलन खो बैठा और सपोर्ट सहित उखाड़ गया।
घटना के बाद क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। सोमवार सुबह से ही बिजली गुल रहने के कारण भीषण गर्मी और उमस में नगरवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोगों को पेयजल संकट सहित दैनिक कार्यों में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पोल को हटाकर उसकी जगह नया सीमेंटेड पोल लगाया। इसके बाद हाईटेंशन लाइन को दुरुस्त कर विद्युत आपूर्ति बहाल करने का कार्य किया गया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि जर्जर पोलों और विद्युत लाइनों का समय-समय पर निरीक्षण और रखरखाव किया जाए तो इस तरह की घटनाओं से बचा जा सकता है। लोगों ने बिजली विभाग से नगर में पुराने और क्षतिग्रस्त पोलों का सर्वे कर उन्हें शीघ्र बदलने की मांग की है।
