संवाददाता*मवाना। सोमवार शाम मवाना बस स्टैंड पुलिस चौकी के ठीक सामने उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब पैसों के लेनदेन को लेकर एक महिला और ऑटो चालक के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्साई महिला ने बीच सड़क पर ही ऑटो चालक पर चप्पलों की बौछार कर दी।घटना के दौरान बस स्टैंड पर मौजूद लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला और ऑटो चालक के बीच किसी भुगतान को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी। कुछ ही देर में महिला ने अपना आपा खो दिया और ऑटो चालक को चप्पलों से पीटना शुरू कर दिया।मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव करते हुए किसी तरह दोनों को अलग कराया और महिला को समझा-बुझाकर वहां से वापस भेज दिया। हालांकि, हैरानी की बात यह रही कि पूरी घटना बस स्टैंड पुलिस चौकी के ठीक सामने होती रही, लेकिन चौकी से कोई भी पुलिसकर्मी बाहर नहीं आया।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि विवाद और बढ़ जाता तो कोई बड़ी अप्रिय घटना भी हो सकती थी। घटना के दौरान पुलिस की निष्क्रियता को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए जा रहे हैं।फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत दिए जाने की जानकारी नहीं मिली है। वहीं, क्षेत्र में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।
