मवाना नगर के फलावदा रोड स्थित कृषक इंटर कॉलेज में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं सुरक्षित यातायात के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से यातायात जागरूकता अभियान का प्रभावशाली आयोजन किया गया। कॉलेज के प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार के निर्देशन में शिक्षक एवं लेखक डॉ. सुशील कुमार ने कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यातायात नियमों के महत्व से अवगत कराया ।अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली, पोस्टर प्रदर्शनी एवं प्रेरक नारों के माध्यम से संदेश दिया गया कि “थोड़ी सी सावधानी, जीवन भर की सुरक्षा”। उपस्थित जनसमूह को हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, गति सीमा के पालन, रेड लाइट जंप न करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की जानकारी दी गई।इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि यातायात नियम केवल कानून नहीं, बल्कि हमारे जीवन की सुरक्षा का कवच हैं। यदि प्रत्येक नागरिक नियमों का पालन करे तो सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। आयोजन को सफल बनाने में वरिष्ठ शिक्षक डॉ विनोद कुमार, चंद्र प्रताप सिंह,संजीव कुमार, गोपाल, सज्जाद अली जैदी, शिवम त्यागी, डॉ. केशव कुमार आदि का विशेष योगदान रहा ।
