मवाना संवाददाता**पाली गांव के ग्रामीणों ने तहसील पहुंचकर प्रशासन से की कार्रवाई की मांग*मवाना। हस्तिनापुर ब्लॉक क्षेत्र के पाली गांव में विद्यालयों से जुड़ी समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया। ग्रामीणों ने तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपते हुए प्राथमिक विद्यालय के लिए नई इमारत का निर्माण कराने और जूनियर हाई स्कूल का नाम दोबारा शहीद जगबीर सिंह गुर्जर के नाम पर किए जाने की मांग की।पुरानी बिल्डिंग नीलाम, अब तक नहीं बनी नई इमारतग्रामीणों ने बताया कि गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय की पुरानी इमारत काफी समय पहले नीलाम हो चुकी है। इसके बाद करीब एक वर्ष का समय बीतने के बावजूद विद्यालय की नई बिल्डिंग का निर्माण नहीं कराया गया है। भवन के अभाव में बच्चों को खुले स्थान पर बैठाकर पढ़ाई करानी पड़ रही है।ग्रामीणों का कहना है कि खुले में पढ़ाई के दौरान बच्चों को धूप और बारिश में परेशानी उठानी पड़ती है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी मुश्किल हो जाती है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।शहीद के नाम पर विद्यालय का नाम रखने की मांगग्रामीणों ने गांव के जूनियर हाई स्कूल के नाम में किए गए बदलाव पर भी आपत्ति जताई। उनका कहना है कि विद्यालय का नाम पहले शहीद जगबीर सिंह गुर्जर जूनियर हाई स्कूल था, लेकिन हाल में इसका नाम बदलकर उच्च माध्यमिक विद्यालय कर दिया गया है।ग्रामीणों ने मांग की कि विद्यालय का नाम फिर से शहीद जगबीर सिंह गुर्जर के नाम पर किया जाए, ताकि शहीद की स्मृति और सम्मान कायम रहे।जल्द समाधान का मिला आश्वासनज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने दोनों समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि विद्यालय भवन का निर्माण जल्द शुरू कराया जाए, ताकि बच्चों को खुले में पढ़ने के लिए मजबूर न होना पड़े। साथ ही विद्यालय का नाम पूर्ववत करने की प्रक्रिया शुरू करने की मांग भी की गई।तहसीलदार निरंकार सिंह ने ग्रामीणों से ज्ञापन लिया और उनकी समस्याओं के जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांगों पर जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई।
