बहसूमा चोरी का खुलासा, मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार :

बहसूमा चोरी का खुलासा, मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार :

एक बदमाश के पैर में लगी गोली, साथी भी दबोचा*बहसूमा पुलिस और स्वाट टीम देहात ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बहसूमा क्षेत्र में हुई बड़ी चोरी की वारदात का खुलासा किया है। गुरुवार रात मवाना-बहसूमा मार्ग पर तजपुरा गांव के बाहर ईंट भट्ठे के पास चेकिंग के दौरान पुलिस की दो बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके साथी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।*चेकिंग के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने की भागने की कोशिश*पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात टीम तजपुरा गांव के बाहर नाले की पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मवाना-बहसूमा रोड की ओर से बाइक पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार बदमाशों ने रफ्तार बढ़ाकर भागने का प्रयास किया।पुलिस ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद दोनों बदमाश पैदल भागने लगे। पुलिस टीम ने उन्हें आत्मसमर्पण की चेतावनी दी। आरोप है कि इसी दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।*जवाबी फायरिंग में हारुन घायल*बदमाश की फायरिंग के बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। इसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल बदमाश की पहचान हारुन (45) निवासी बड़खला, बिजनौर के रूप में की। उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं उसके साथी महरूम (28) निवासी टंडेरा, मुजफ्फरनगर को भी पुलिस ने दबोच लिया।*दो लाख की चोरी की वारदात का खुलासा*पुलिस के मुताबिक, 25 अगस्त को बहसूमा के मारकपुरिया मोहल्ला निवासी जितेंद्र सिंह के मकान में चोरी हुई थी। चोर मकान का ताला तोड़कर करीब दो लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के सिक्के और लाइसेंसी राइफल के कारतूस चोरी कर ले गए थे। घटना के संबंध में बहसूमा थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने 24-25 अगस्त की रात बहसूमा क्षेत्र में इसी चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया।*नकदी के साथ जेवर और चांदी के सिक्के बरामद*पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,43,500 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा दो पीली धातु के बिस्किट, अंगूठियां, डायमंड जड़ित अंगूठी, कुंडल, कानों के टॉप्स, माथे का टीका, चांदी की पाजेब, तगड़ी, गणेश जी की मूर्ति/टुकड़े और चांदी के सिक्के बरामद हुए हैं।पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हीरो एचएफ डीलक्स बाइक भी बरामद की है।*तमंचा, कारतूस भी मिले*मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि बरामदगी और मुठभेड़ के आधार पर दर्ज मुकदमे में धारा 109(1) बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 की बढ़ोतरी की गई है।*हारुन पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे*पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी हारुन के खिलाफ बिजनौर जनपद के अलग-अलग थानों में चोरी समेत कई धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। वहीं महरूम के खिलाफ भी बहसूमा थाने में चोरी और मुठभेड़ से संबंधित मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *