गढ़ रोड पर सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप, ग्रामीणों ने काटा हंगामा एमडीए द्वारा पूर्व में ध्वस्त की गई कॉलोनी में भू माफिया ने नाली की जमीन पर किया कब्जा, प्रशासन ने शुरू की जांच

गढ़ रोड पर सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप, ग्रामीणों ने काटा हंगामा एमडीए द्वारा पूर्व में ध्वस्त की गई कॉलोनी में भू माफिया ने नाली की जमीन पर किया कब्जा, प्रशासन ने शुरू की जांच

मेरठ। गढ़ रोड स्थित पचगांव पट्टी अमरपुर में कथित भूमाफियाओं द्वारा सरकारी जमीन पर कब्जा कर अवैध कच्ची कॉलोनी विकसित किए जाने का मामला सामने आया है। मामले की जानकारी मिलने पर गांव के वर्तमान ग्राम प्रधान और पूर्व प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और जमकर हंगामा किया।ग्रामीणों का आरोप है कि मेरठ विकास प्राधिकरण द्वारा पूर्व में इस स्थान पर विकसित की जा रही कॉलोनी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे ध्वस्त किया गया था। इसके बावजूद कथित भूमाफियाओं ने दोबारा वहां कच्ची कॉलोनी विकसित कर दी। इतना ही नहीं, ग्रामीणों के आवागमन के लिए सरकारी जमीन पर मौजूद रास्ते पर भी कब्जा करने का आरोप लगाया गया है।ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि गांव का पानी जिस नाले के माध्यम से निकलता है, उस पर भी कथित रूप से कब्जा कर दीवार खड़ी कर दी गई है। इससे जल निकासी प्रभावित होने की आशंका जताई गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से सरकारी रास्ते को कब्जामुक्त कराने और नाले को सुचारू रूप से चालू कराने की मांग की।हंगामे की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे पटवारी ने जमीन की नाप-तौल शुरू कर मामले की जांच की। ग्रामीणों ने पूरे मामले की जानकारी जिलाधिकारी और एसडीएम को भी दी। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने भी जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि सरकारी जमीन और नाले से कब्जा नहीं हटाया गया तो वे अधिकारियों के समक्ष दोबारा अपनी शिकायत रखेंगे और भूमाफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *