मवाना। राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला ने बुधवार को मवाना पहुंचकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और हस्तिनापुर रोड स्थित गौशाला का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने तहसील सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर क्षेत्र की महिलाओं की समस्याएं सुनीं तथा अधिकारियों को त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश दिए।जनसुनवाई के दौरान एक वृद्ध महिला ने बताया कि वह लंबे समय से वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत कराने के लिए तहसील कार्यालयों के चक्कर काट रही है, लेकिन अब तक उसकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। इस पर डॉ. मीनाक्षी भराला ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार निरंकार सिंह को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर पात्र महिला को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।इसके बाद डॉ. भराला ने मवाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान एक गर्भवती महिला ने अपने पारिवारिक विवाद से संबंधित समस्या उनके समक्ष रखी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने मौके पर मवाना पुलिस को बुलाया और संबंधित अधिकारियों को पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।डॉ. मीनाक्षी भराला ने कहा कि महिलाओं से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना सुनिश्चित करें।गौशाला का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजाजनसुनवाई के बाद डॉ. मीनाक्षी भराला ने हस्तिनापुर रोड स्थित गौशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने गौवंश की सेवा, सुरक्षा, चिकित्सा उपचार, दवाइयों की उपलब्धता तथा पेयजल व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गौशाला के मुंशी अमित भारद्वाज से गौवंश के रखरखाव और व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौवंश की देखभाल और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
