मवाना पुलिस ने ढिकौली कॉलोनी में हुई फायरिंग की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी योगेश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। मामले में एक विधि संघर्षरत बालक को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।पुलिस के अनुसार, घटना मवाना थाना क्षेत्र की ढिकौली कॉलोनी में अमित चौहान के घर के बाहर रात करीब 1:45 बजे हुई थी। तीन बाइक सवार युवकों ने वहां पहुंचकर फायरिंग की थी, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी। घटना के संबंध में अमित चौहान की तहरीर पर मवाना थाने में तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में आरोपी योगेश, प्रिंस पुत्र स्वर्गीय ईश्वर सिंह निवासी ढिकौली तथा एक विधि संघर्षरत बालक की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए योगेश को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी योगेश और विधि संघर्षरत बालक के कब्जे से एक-एक 315 बोर का तमंचा, एक-एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या यूपी-15 ईएम-4292 बरामद की है। बरामद हथियारों के संबंध में भी जांच की जा रही है।आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आयापुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी योगेश के खिलाफ मवाना थाने में मारपीट, धमकी और आयुध अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
