मवाना संवाददाता*साइबर अपराध और फर्जी ऑनलाइन कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए मवाना पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन’ अभियान के तहत अटोरा रोड स्थित कल्याण सिंह मोहल्ले में एक साइबर कैफे पर छापा मारा गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने एक युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, अभियान का मकसद साइबर ठगी और ऑनलाइन माध्यम से संचालित अवैध गतिविधियों की जांच करना है। छापेमारी के दौरान सामने आई संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर युवक को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि वह किसी साइबर गिरोह या फर्जी कारोबार से जुड़ा है या नहीं।इस विशेष अभियान का नेतृत्व एसपी देहात अभिजीत कुमार, सीओ मवाना पंकज लावानिया और थाना प्रभारी ब्रह्म कुमार त्रिपाठी ने किया। एसएसआई, महिला पुलिसकर्मियों सहित भारी पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी से बचाव के लिए जागरूक रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
