मवाना। प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं, पेपर लीक और परीक्षा संचालन में हो रही चूकों को लेकर भवाना कोचिंग संघ, अध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और शुचिता सुनिश्चित करने की मांग की है।ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान समय में राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा आयोजित अधिकांश प्रतियोगी परीक्षाओं में किसी न किसी प्रकार की अनियमितताएं सामने आ रही हैं। इसके चलते देश का युवा वर्ग सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर है। विद्यार्थियों का आरोप है कि देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट (NEET) में भी लगातार पेपर लीक और गड़बड़ियों के मामले सामने आते रहे हैं, जबकि सरकार हर वर्ष परीक्षा की शुचिता बनाए रखने का आश्वासन देती है।ज्ञापन में हाल ही में संपन्न हुई एसएससी परीक्षा का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया कि गाजियाबाद, नोएडा और प्रयागराज सहित कई परीक्षा केंद्रों पर खुलेआम मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से प्रश्नपत्र हल कराए जाने की शिकायतें मिलीं। परीक्षा केंद्र संचालकों ने परीक्षार्थियों की संख्या अधिक होने का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया, जबकि सभी अभ्यर्थी पूर्व से पंजीकृत थे।विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि लेखपाल भर्ती परीक्षा में भी कई केंद्रों पर अनियमितताएं देखने को मिलीं। 17 मई को आयोजित परीक्षा में कुछ केंद्रों पर अभ्यर्थी परीक्षा समाप्त होने के लगभग दो घंटे बाद तक बाहर निकलते दिखाई दिए। वहीं उपनिरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा की मेरिट को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। उनका कहना है कि कई जिलों के प्रतिभाशाली अभ्यर्थी मेरिट सूची में नजर नहीं आए, जिसके विरोध में प्रयागराज और लखनऊ में धरना-प्रदर्शन जारी है।ज्ञापन में यह भी कहा गया कि विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों का स्तर निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं रहा। कहीं प्रश्नपत्र अत्यधिक कठिन रहे तो कहीं उनका स्तर प्राथमिक विद्यालय स्तर का दिखाई दिया। इससे अभ्यर्थियों में असंतोष बढ़ रहा है।विद्यार्थियों एवं कोचिंग संघ के प्रतिनिधियों ने मांग की कि सभी प्रतियोगी परीक्षाओं के परिणाम के साथ अभ्यर्थियों का विस्तृत स्कोर कार्ड जारी किया जाए, जैसा पहले किया जाता था। इससे चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और अभ्यर्थियों का विश्वास भी कायम रहेगा।इस मांग को लेकर भवाना कोचिंग संघ के संरक्षक राहुल कुमार, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने परीक्षा प्रणाली में सुधार और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की अपील की है।
