इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करने के बाद युवक ने खुद को मारी गोली, हालत गंभीर :

इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करने के बाद युवक ने खुद को मारी गोली, हालत गंभीर :

मवाना संवाददाता

मवाना। मवाना क्षेत्र में गुरुवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक युवक ने कथित तौर पर खुद को गोली मार ली। घटना से पहले युवक ने इंस्टाग्राम पर लगातार तीन वीडियो पोस्ट किए, जिनमें उसने इस घटना के लिए स्वयं को जिम्मेदार बताया। गोली युवक के सिर के आर-पार नहीं गई और बाईं ओर फंस जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया l जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, प्रीतनगर कॉलोनी निवासी देवांश रस्तोगी पुत्र सुबोध रस्तोगी गुरुवार दोपहर से घर से लापता था। इसी दौरान उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर तीन वीडियो अपलोड किए। वीडियो देखने के बाद उसके दोस्तों को किसी अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद उन्होंने तत्काल परिजनों को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही परिजन और मित्र युवक की तलाश में जुट गए। काफी खोजबीन के बाद देवांश मवाना-हस्तिनापुर मार्ग स्थित मध्य गंगा नहर पुल के पास एक खेत में गंभीर हालत में पड़ा मिला। उसके सिर के बाईं ओर गोली फंसी हुई थी और वह खून से लथपथ अवस्था में था।
दोस्त घायल युवक को तत्काल मवाना थाने लेकर पहुंचे। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मवाना में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल मेरठ रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार युवक की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
हथियार के स्रोत और घटना के कारणों की जांच मे
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इंस्टाग्राम पर अपलोड किए गए वीडियो को खंगाला जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवक के पास हथियार कहां से आया और घटना के पीछे कोई अन्य वजह तो नहीं है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *