आज शनिवार मवाना कोतवाली परिसर में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने की। इस अवसर पर एसडीएम संतोष कुमार सिंह, नायब तहसीलदार नितेश सैनी, पुलिस क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया तथा थाना प्रभारी ब्रह्म कुमार त्रिपाठी मौजूद रहे।समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कई शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।एसएसपी अविनाश पांडे ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान राजस्व विभाग और नगर पालिका के अधिकारी भी मौजूद रहे। कई मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई से शिकायतों का समाधान कराया गया।थाना समाधान दिवस में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आमजन की समस्याएं सुनी गईं और उनके निस्तारण की कार्रवाई की गई।
