आज शनिवार मवाना नगर मे आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को मोहर्रम पर्व के मद्देनजर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ अविनाश पांडे, एसडीएम मवाना संतोष कुमार सिंह तथा सीओ पंकज लवानिया ने शिया समुदाय के गणमान्य लोगों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक में एसएसपी अविनाश पांडे ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि मोहर्रम के दौरान निकाले जाने वाले ताजियों की ऊंचाई 12 फीट से अधिक न रखी जाए तथा उनकी ऊंचाई विद्युत लाइनों से नीचे रहे। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि सभी विद्युत पोलों पर छह फीट तक पॉलीथीन लगाकर उचित टेपिंग की जाए, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।एसडीएम संतोष कुमार सिंह ने नगर पालिका परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ताजिया जुलूसों के निर्धारित मार्गों पर पूर्व से ही विशेष सफाई अभियान चलाकर व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं। वहीं सीओ पंकज लवानिया ने पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने तथा उन्हें मुचलका पाबंद कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी क्षेत्र में त्योहार के दौरान माहौल खराब करने का प्रयास हुआ तो संबंधित थाना प्रभारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।बैठक के दौरान थाना मवाना में इंस्पेक्टर ब्रह्म कुमार त्रिपाठी ने भी शिया समुदाय के लोगों के साथ अलग से बैठक कर मोहर्रम कार्यक्रमों की जानकारी ली और आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।
