*यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन अभ्यर्थी हुए शामिल, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद**मवाना संवाददाता*मवाना। उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को मवाना के परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की अच्छी उपस्थिति दर्ज की गई। छात्र-छात्राएं परीक्षा देने के लिए पहुंचे। परीक्षा का आयोजन ए.एस. इंटर कॉलेज तथा ए.एस.पी.जी. डिग्री कॉलेज में किया गया।सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक पहली पाली और 2:30 बजे से 4:30 बजे तक की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की प्रवेश से पूर्व सघन जांच की गई। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया और परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया।परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने भी लगातार निगरानी बनाए रखी। इस दौरान मवाना उप जिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया, थाना प्रभारी निरीक्षक ब्रह्म कुमार त्रिपाठी सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी परीक्षा केंद्रों पर मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया तथा अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। परीक्षा के दौरान केंद्रों पर अनुशासन बनाए रखा गया तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली।प्रशासन का कहना है कि भर्ती परीक्षा को पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, पुलिस गश्त और कड़ी जांच व्यवस्था के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
