आज बुधवार मवाना नगर में आगामी ईद पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से बम डिस्पोजल स्क्वायड टीम ने नगर के संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर सघन जांच अभियान चलाया। टीम ने बड़ा महादेव शिव मंदिर, ईदगाह तथा नगर की विभिन्न मस्जिदों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान बम डिस्पोजल स्क्वायड टीम ने बड़ा महादेव शिव मंदिर परिसर और ईदगाह के अंदर सावधानीपूर्वक चेकिंग की। टीम ने मंदिर और ईदगाह के आसपास मौजूद हर कोने, प्रवेश द्वार, परिसर और अन्य स्थानों की गहन जांच पड़ताल की। इसके अलावा नगर की कई मस्जिदों में भी जाकर सुरक्षा की दृष्टि से निरीक्षण किया गया।इस दौरान टीम द्वारा धार्मिक स्थलों के प्रबंधकों और मौजूद लोगों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहने की अपील की गई।पुलिस प्रशासन का कहना है कि आगामी ईद पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चौकस रखी जा रही है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न हो सके।
