मवाना संवाददाता।
नगर के मोहल्ला मुन्नालाल स्थित बड़ा महादेव शिव मंदिर के पास रजवाहे पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो कॉलोनियों के बीच रखा ट्रांसफार्मर और उसका बॉक्स अचानक आग की चपेट में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हैवी लोड होने के कारण ट्रांसफार्मर में तेज चिंगारियों के साथ आग भड़क उठी। आग लगते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और सबसे पहले क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद करवाई। इसके बाद कर्मचारियों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से बिजली व्यवस्था प्रभावित है तथा ट्रांसफार्मरों पर अधिक लोड रहने के कारण इस प्रकार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
