22 अप्रैल 2026: कंकरखेड़ा रोहटा रोड स्थित यादराम गैस एजेंसी पर आज सुबह समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव यूथ ब्रिगेड गुड्डू प्रधान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। उन्होंने एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए जोरदार नारेबाजी की और एजेंसी में घुस गए।गुड्डू प्रधान ने बताया कि कनेक्शन होने के बावजूद उनकी पर्ची पर गैस सिलेंडर नहीं दिए जा रहे। एजेंसी वाले अन्य लोगों को प्राथमिकता दे रहे हैं और सिलेंडरों से 2-3 किलो कैश निकालकर कम वजन वाले सिलेंडर सप्लाई कर रहे हैं। साथ ही, ब्लैक में सिलेंडर बेचकर अवैध कमाई कर रहे हैं। सरकार द्वारा मुफ्त दिए गए कनेक्शन पर भी पैसे वसूल रहे हैं। लोगों में भारी आक्रोश था। गुड्डू प्रधान ने चेतावनी दी कि अगर कालाबाजारी नहीं रुकी तो एजेंसी पर धरना दिया जाएगा। उन्होंने थाना कंकरखेड़ा में एजेंसी के खिलाफ तहरीर भी दर्ज कराई।उधर, गैस एजेंसी मालिक मुकेश शर्मा ने सभी आरोपों का खंडन किया। उन्होंने कहा, “हमारे यहां कोई गैस कम नहीं दे रहा। न सरकार के मुफ्त कनेक्शन पर पैसे ले रहे हैं, न ब्लैक में सिलेंडर बेच रहे। अगर कोई कर्मचारी ऐसा करता है तो शिकायत करें, मैं कार्रवाई करूंगा। ये आरोप पूरी तरह झूठे और गलत हैं।”पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
