कंकरखेड़ा, 22 अप्रैल 2026: एनएच-58 पर जैन शिकंजी के पास देर रात एक ही मोटरसाइकिल पर सवार चार युवकों की खड़ी ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
पुलिस के अनुसार, मृतक जतिन (18) पुत्र लोकेश, निवासी डाबका कंकरखेड़ा और शनि (20) पुत्र मुकेश, निवासी मलयाना मेरठ हैं। घायल चिराग पुत्र पिंटू और चीनू पुत्र प्रवीण, दोनों मलयाना मेरठ के रहने वाले हैं। चारों किसी शादी समारोह से लौट रहे थे और शराब के नशे में एक ही बाइक पर सवार होकर सरधना चौराहे से शोभापुर की ओर जा रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को कॉल की। पुलिस ने घायलों को अंजनैया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जतिन और शनि को मृत घोषित कर दिया। दोनों का आज पोस्टमार्टम किया जा रहा है। परिवारजन अस्पताल में रो-रोकर बिलख रहे हैं।
पुलिस ने मौके पर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में शराब का सेवन और ओवरलोडिंग बाइक मुख्य कारण बताए जा रहे हैं।
