पृथ्वी दिवस के अवसर पर हस्तिनापुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित :

पृथ्वी दिवस के अवसर पर हस्तिनापुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित :

मवाना संवाददाता* आज बुधवार मवाना क्षेत्र मे विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर हस्तिनापुर रेंज द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने हेतु एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में एचपीएस स्कूल के लगभग 200 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों को पांडव पौधशाला का भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें पौध उत्पादन, संरक्षण एवं वनों के विकास में पौधशालाओं की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। इसके पश्चात बच्चों को विभिन्न वृक्षारोपण स्थलों एवं विकसित वनों का भ्रमण कराया गया, जिससे उन्हें वृक्षारोपण के व्यावहारिक पहलुओं का अनुभव प्राप्त हुआ। इस अवसर पर बच्चों एवं शिक्षकों द्वारा सामूहिक रूप से लगभग 300 पौधों का रोपण किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हुई।कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पहले खुले क्षेत्र में धूप में रखा गया तथा तत्पश्चात वर्ष 2017-18 के विकसित वृक्षारोपण स्थल पर ले जाया गया, जहां घने वनों की छाया में तापमान में लगभग 10 से 15 डिग्री तक का अंतर अनुभव कराया गया। इस व्यावहारिक उदाहरण के माध्यम से बच्चों को यह समझाया गया कि वन केवल हरियाली ही नहीं, बल्कि प्राकृतिक शीतलन, जल संरक्षण एवं जलवायु संतुलन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वनों एवं वन्यजीवों का महत्व:वन पृथ्वी के “फेफड़े” हैं, जो ऑक्सीजन प्रदान कर जीवन को संभव बनाते हैं। ये जलवायु संतुलन बनाए रखने, वर्षा चक्र को नियंत्रित करने तथा मिट्टी के कटाव को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वन्यजीव पारिस्थितिकी तंत्र की संतुलित श्रृंखला के अभिन्न अंग हैं, जो खाद्य श्रृंखला को बनाए रखते हैं तथा जैव विविधता को संरक्षित करते हैं। वन एवं वन्यजीवों का संरक्षण न केवल प्रकृति के लिए, बल्कि मानव जीवन के सतत विकास के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि “एक पृथ्वी – एक भविष्य – हमारी जिम्मेदारी” केवल एक नारा नहीं, बल्कि हम सभी का कर्तव्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *