अमित कम्बोज संवाददाता मवाना* आज मंगलवार मवाना नगर के मेरठ रोड स्थित स्प्रिंग डेल्स पब्लिक स्कूल में विजयादशमी का पर्व बड़े उत्साह व धूमधाम से मनाया गया। दशहरा हमें अधर्म से धर्म की ओर बढ़ने का संदेश देता है। यह त्योहार आनंद, खुशी और एकता का पर्व है और यह हमारी संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। विद्यालय में कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के प्रबंधक मनोज कुमार रस्तोगी, प्रबंधिका मीनू रस्तोगी व प्रधानाचार्य कमल कुमार दीवान ने किया। कक्षा नर्सरी से कक्षा यूकेजी के विद्यार्थियों ने राम, सीता, लक्ष्मण हनुमान तथा रावण की वेशभूषा धारण कर रामलीला का मंचन किया और अपनी अभिनय क्षमता का परिचय दिया।कक्षा यू के जी से आरव ने राम, शिवांश ने लक्ष्मण, कक्षा नर्सरी से आरोही ने सीता तथा कक्षा नर्सरी से ही रियांश शर्मा ने हनुमान का रूप धारण किया। राम, रावण, सीता और हनुमान जैसे पात्रों की सजीव प्रस्तुति ने सभी को रामायण काल की घटनाओं का साक्षात अनुभव कराया। बच्चों के अभिनय, संवाद अदायगी और मंच पर आत्मविश्वास ने सभी को भावविभोर कर दिया। कक्षा आठवीं तक के विद्यार्थियों ने लकड़ी, गत्ता, अखबार, रंगीन पेपर आदि से 13फीट ऊँचा – ऊँचाई को छुता रावण तैयार किया। जिसे देखकर आज का युवावर्ग अपने भीतर की बुराइयों पर विजय प्राप्त कर स्वयं का आत्ममंथन कर सके। विद्यालय के प्रबंधक मनोज कुमार रस्तोगी व प्रबंधिका मीनू रस्तोगी ने सभी को विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत को दर्शाता है। विद्यालय के प्रधानाचार्य कमल कुमार दीवान ने विजयादशमी का महत्व बताते हुए सत्य के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया ।
