कांवड़ यात्रा-2025 के सफल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन हेतु शिविर व डीजे संचालकों के साथ समन्वय गोष्ठी सम्पन्न ।

कांवड़ यात्रा-2025 के सफल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन हेतु शिविर व डीजे संचालकों के साथ समन्वय गोष्ठी सम्पन्न ।

जनपद मेरठ में आगामी श्रावण मास के अवसर पर आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा-2025 के सुरक्षित, सुचारु व अनुशासित संचालन हेतु आज दिनांक 06 जुलाई, 2025 को पुलिस लाइन मेरठ स्थित बहुउद्देशीय हॉल में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी की अध्यक्षता जिलाधिकारी मेरठ डॉ. वी.के. सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ डॉ. विपिन ताडा द्वारा संयुक्त रूप से की गई।

गोष्ठी में जनपद में कार्यरत शिविर संचालकगण एवं डीजे संचालकों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश साझा किए गए।

प्रमुख निर्देश एवं बिंदु:-
>>धार्मिक सौहार्द बनाए रखें:-
सभी आयोजकों एवं प्रतिभागियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान धार्मिक मर्यादा, सामाजिक समरसता एवं सौहार्द का पूर्ण पालन किया जाए। किसी भी प्रकार की उत्तेजक, भड़काऊ या आपत्तिजनक उद्घोषणा अथवा सामग्री पर सख्त प्रतिबंध रहेगा।

>> डीजे संचालन – नियमों के अंतर्गत:-
डीजे की ध्वनि सीमा ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियमों के अनुरूप होनी चाहिए। तेज आवाज, अश्लील गाने, उत्तेजक नारे आदि पूर्णतः वर्जित रहेंगे। डीजे की अधिकतम ऊँचाई 10 फीट व चौड़ाई 12 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। उल्लंघन की स्थिति में वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। समस्त डीजे संचालको से अपील की गयी है कि डीजे ऊंचाई व चौडाई के सम्बन्ध में अफवाहों से बचे व किसी के बहकावे में न आये । अफवाह/भ्रामक सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस से सम्पर्क कर सूचित किया जाए ।

>>शिविरों में बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित हों:-
शिविरों में पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय, स्वास्थ्य सुविधा, प्राथमिक उपचार, अग्निशमन आदि की उचित व्यवस्था अनिवार्य होगी। किसी भी अस्थायी निर्माण के लिए पूर्व अनुमति आवश्यक होगी।

भी शिविरों में प्रवेश-द्वार, निकास-द्वार, रसोई व विश्राम स्थलों एवं कांवड़ रखे जाने वाले स्थान पर CCTV कैमरे लगाए जाएं।
फोन चार्जिंग प्वाइंट, बिजली की सुरक्षित वायरिंग, परिचय-पत्रधारी कर्मचारियों की नियुक्ति आवश्यक है।
रसोई संचालन में लगे सभी व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित की जाए तथा अज्ञात व्यक्तियों का प्रवेश निषिद्ध किया जाए।
आग बुझाने के प्राथमिक यंत्र हर शिविर में मौजूद होने चाहिए।
शिविर मुख्य मार्ग से दूरी बनाकर स्थापित किए जाएं, ताकि आवागमन बाधित न हो।
कांवड़ रखे जाने वाले स्टैण्ड को मजबूत बनाया जाए एवं क्षमता से अधिक कांवड़ स्टैण्ड पर न रखाई जाए ।

गोष्ठी के दौरान शिविर संचालकों व डीजे संचालकों को कांवड़ यात्रा के दौरान आने वाली समस्याओं/सुझावों को भी सुना गया ।

>> मार्गों पर अवरोध/अतिक्रमण से परहेज:-
कोई भी शिविर, डीजे वाहन या अन्य अस्थाई ढांचा सार्वजनिक मार्ग पर अवरोध पैदा न करे। मार्गों का अवरोधन या लेन का उल्लंघन करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

>>सतत समन्वय एवं सूचनाओं की त्वरित साझेदारी:-
शिविर संचालकों को अपने नामित संपर्क अधिकारियों से लगातार जुड़े रहना होगा। किसी भी समस्या या सूचना को तुरंत नजदीकी थाना या नियंत्रण कक्ष को सूचित किया जाए।

जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का संदेश:-
गोष्ठी के समापन पर जिलाधिकारी मेरठ एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ द्वारा सभी शिविर एवं डीजे संचालकों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर चलने, अनुशासन व कानून का पालन करने तथा कांवड़ यात्रा को एक आदर्श, शांतिपूर्ण एवं श्रद्धा से परिपूर्ण आयोजन बनाने की अपील की गई। सभी से जनहित एवं लोकशांति को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आग्रह किया गया।

गोष्ठी में प्रमुख प्रशासनिक/तकनीकी विभागों की सहभागिता:-
इस गोष्ठी में नगर आयुक्त नगर निगम मेरठ, अपर जिलाधिकारी (नगर)/प्रशासन/(वित्त) एवं (राजस्व)/(भू0आ0), मेरठ, नगर मजिस्ट्रेट/समस्त अपर नगर मजिस्ट्रेट मेरठ, जिला विकास अधिकारी मेरठ, समस्त खंड विकास अधिकारी द्वारा- जिला विकास अधिकारी, अधीक्षक अभियंता/अधिशासी अभियंता उत्तर प्रदेश जल निगम मेरठ, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांत खंड/ निर्माण खंड/विद्युत खंड/भवन खंड मेरठ, क्षेत्रीय प्रबंधक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम मेरठ, सिटी ट्रांसपोर्ट मेरठ, सहायक निदेशक विद्युत सुरक्षा मेरठ, जिला विद्यालय निरीक्षक मेरठ, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत मेरठ, जिला पंचायत राज अधिकारी मेरठ, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मवाना/सरधना, प्रमुख परियोजना प्रबंधक आर0आर0टी0एस मेरठ, जिला पूर्ति अधिकारी मेरठ, जिला आबकारी अधिकरी मेरठ, मुख्य अग्निशमन अधिकारी मेरठ, औषधि निरीक्षक मेरठ, जिला सूचना अधिकारी मेरठ, प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग मेरठ, मुख्य अधिशासी अधिकारी छावनी परिषद मेरठ, अपर जिलाधिकारी मेरठ मवाना/ सरधना, मुख्य चिकित्सा अधिकारी मेरठ, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग पश्चिमी क्षेत्र मेरठ, मुख्य अभियंता नगरीय/ग्रामीण उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड मेरठ, संभागीय परिवहन अधिकारी मेरठ, अधीक्षक अभियंता अधिशासी अभियंता उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड नगरी एवं ग्रामीण क्षेत्र मेरठ, परियोजना निदेशक राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 58/235 यूरोपियन स्टेट कंकरखेड़ा मेरठ, परियोजना निदेशक राष्ट्रीय राजमार्ग गाजियाबाद एवं बागपत, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग मेरठ, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत जनपद मेरठ, अधीक्षण अभियंता द्वितीय व्रत आवास एवं विकास परिषद मेरठ, क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी मेरठ, परियोजना प्रबंधक जल निगम नगर इकाई प्रथम एवं द्वितीय मेरठ, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी मेरठ भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *