मवाना संवाददाता*मवाना। नगर पालिका परिषद मवाना द्वारा गुरुवार को तहसील रोड स्थित सामुदायिक केंद्र में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों के लिए एक विशेष सम्मान समारोह एवं शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पालिका अध्यक्ष अखिल कुमार कौशिक तथा अधिशासी अधिकारी कृष्णकांत मिश्रा ने की।शिविर में योजना के तहत 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त करने वाले पात्र लाभार्थियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष अखिल कुमार कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे व्यापारियों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके व्यवसाय को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। वहीं अधिशासी अधिकारी कृष्णकांत मिश्रा ने लाभार्थियों से योजना का लाभ उठाकर समय पर ऋण अदायगी करने और अपने कारोबार को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में कर अधीक्षक अनिल कुमार, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक राकेश कुमार, लिपिक लाखन सिंह, डूडा से सामुदायिक आयोजक अफरोज जैदी, पालिका कर्मचारी राहुल वर्मा, असलाफुद्दीन तथा योजना के अनेक लाभार्थी मौजूद रहे। समारोह के दौरान लाभार्थियों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
