मवाना संवाददाता
आज मंगलवार मवाना क्षेत्र के हस्तिनापुर में गंगा नदी से एक अज्ञात महिला का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जब दोपहर को बस्तौरा नारंग गांव के पास गंगा की मुख्य धारा में शव बहता हुआ दिखाई देने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे ग्रामीणों ने गंगा नदी में एक महिला का शव तैरता हुआ देखा। इसके बाद तत्काल हस्तिनापुर थाना पुलिस को मामले की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक लालजी शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की सहायता से महिला के शव को गंगा नदी से बाहर निकलवाया गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की पहचान कराने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।
