आज मंगलवार मवाना क्षेत्र के हस्तिनापुर की शकुंतला कॉलोनी में सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव विद्युत विभाग की एचटी लाइन के टावर पर फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में ले लिया। देर शाम तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने शकुंतला कॉलोनी स्थित बिजली विभाग के टावर पर एक शव लटका होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर नवनियुक्त थाना प्रभारी लालाराम शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।पुलिस जांच में युवक के गले में गमछेनुमा कपड़े का फंदा बंधा मिला। तलाशी के दौरान उसकी जेब से एक टूटा हुआ मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।थाना प्रभारी लालाराम शर्मा ने बताया कि मृतक की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
