मवाना संवाददाता
आज मंगलवार मवाना नगर मे एक महिला ने अपर तहसीलदार कार्यालय से जुड़े एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। न्यायालय कक्ष के अंदर उसके साथ अभद्र व्यवहार, छेड़छाड़, मारपीट और पैसे छीनने जैसी घटना को अंजाम दिया गया । और उचित कड़ी कानूनी कार्यवाही की मांग उठाई l
जानकारी के अनुसार ग्राम मौड खुर्द निवासी सुनीता पत्नी लव कुश मंगलवार को अपने एक न्यायिक मामले की पैरवी के सिलसिले में न्यायालय कक्ष में पहुंची थीं। जहाँ पीड़िता ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि कोर्ट रूम में तैनात एक व्यक्ति लंबे समय से उसके मामले में तारीख लगाने, तारीख बदलवाने और कार्यवाही आगे बढ़ाने के नाम पर उससे पैसे ले रहा था।
महिला का कहना है कि वह आर्थिक तंगी के बावजूद पहले भी कई बार रुपये देती रही, लेकिन इस बार उसने अपनी खराब आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए और पैसे देने में असमर्थता जताई। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर संबंधित व्यक्ति ने जानबूझकर उसके खिलाफ गलत आदेश पारित करवा दिया।
पीड़िता के अनुसार जब उसने इसका विरोध किया और आपत्ति जताई तो आरोपी ने कोर्ट कक्ष के भीतर ही उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की, जिससे मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
महिला ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
