रिपोर्ट विकास कुमार
मेरठ/दुर्वेशपुर, 16 मई 2026 — क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी मेरठ डॉ. गोपाल सिंह के निर्देशन में आज ग्राम दुर्वेशपुर में “आयुष आपके द्वार” आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। ड्र. ऋतु सांगवान, चिकित्साधिकारी, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय धनपुर/शहजादपुर ने शिविर में 140 रोगियों का निशुल्क उपचार कराकर आयुर्वेदिक दवाइयां वितरित कीं। शिविर में 73 पुरुष और 67 महिलाएं शामिल रहीं।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को सामान्य स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई और आयुर्वेदिक औषधीय पादपों के उपयोग व उनकी पहचान के बारे में जानकारी साझा की गई। उपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों ने स्थानीय लोगों को स्वस्थ जीवनशैली, पौष्टिक आहार और रोग निवारक उपायों के बारे में सुझाव दिए।
आयुष टीम ने ग्रामीणों को 21 जून को आयोजित 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए प्रेरित किया, ताकि सामुदायिक स्वास्थ्य व जीवनशैली में सुधार लाया जा सके। ग्रामवासियों ने चिकित्सा अधिकारी व शिविर कर्मचारियों की कार्यशैली, देखभाल और निशुल्क सेवाओं की भूरी‑भूरी प्रशंसा की।
शिविर आयोजन से स्थानीय लोगों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ी और जरूरतमंदों को तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकी, जिसने कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित की।
